
छापेमारी में 67,200 रूपये की कीमत के 84 बोरी रंगीन कचरी सीज
रामपुर। आम जनमानस को सुरक्षित खाद्य व पेय पदार्थ उपलब्ध कराने और खाद्य एवं पेय पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी रोकथाम हेतु जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)- 11/अभिहित अधिकारी सुनील कुमार शर्मा द्वारा जनपद में विशेष अभियान चलाया गया। बृहस्पतिवार को विशेष छापामार अभियान में किला स्थित राजू पुत्र धर्मदास के जूस प्रतिष्ठान से अनार दाना और अनार जूस का 1-1 नमूना लिया गया। इण्डस्ट्रियल एरिया, अजीतपुर स्थित राजीव कुमार पुत्र स्व० नरेन्द्र कुमार की कचरी निर्माणशाला से रंगीन कचरी और खाद्य रंग का 01-01 नमूना लिया गया तथा 84 बोरी (प्रत्येक 20 कि०ग्रा०) कुल 1680 कि० ग्रा० रंगीन कचरी को सीज कर खाद्य कारोबारकर्ता की अभिरक्षा में सौंपा गया, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 67,200 रूपए है। बिलासपुर स्थित गौतम कुमार पुत्र सरनाम सिंह से यूज्ड कुकिंग ऑयल का 1 सर्विलांस नमूना लिया गया। इस प्रकार विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 4 विधिक नमूनें व 1 सर्विलांस नमूना संग्रहीत करके जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरान्त मिलावट की प्रकृति के अनुरूप सुसंगत धाराओं में वाद योजित किये जाएगें। सचल दल में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेन्द्र सिंह कुशवाहा, खाद्य सुरक्षा अधिकारीगण रामचन्द्र यादव, मनोज कुमार, राहुल शुक्ला, अशोक कुमार, श्री देवकान्त उपस्थित रहे।